बागबाहरा:ग्राफ्टेड बैंगन की खेती से किसान गौरव ने बढ़ाई आमदनी पढ़े पूरी खबर

बागबाहरा। पारंपरिक धान की खेती के साथ उद्यानिकी फसलों और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर बागबाहरा विकासखंड के ग्राम गुलझर निवासी किसान गौरव कुठारे ने अपनी आमदनी बढ़ाने में सफलता हासिल की है। उन्होंने ग्राफ्टेड बैंगन की खेती से करीब 23 टन उत्पादन प्राप्त कर लगभग 2.65 लाख रुपए की सकल आमदनी अर्जित की।
कृषक गौरव कुठारे अपने 1.60 हेक्टेयर खेत में धान के साथ वर्षभर टमाटर, बैंगन, सेम और गेंदा जैसी उद्यानिकी फसलों की खेती करते हैं। खेती में ड्रिप सिंचाई और मल्चिंग तकनीक के उपयोग से उत्पादन लागत को नियंत्रित करने के साथ बेहतर उत्पादन प्राप्त हो रहा है।
वर्ष 2025-26 में राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत ग्राफ्टेड बैंगन एवं टमाटर सीडलिंग प्रदर्शन कार्यक्रम में उन्हें एक एकड़ में ग्राफ्टेड बैंगन की खेती के लिए 30 हजार रुपए का अनुदान डीबीटी के माध्यम से मिला। इसके बाद उन्होंने ग्राफ्टेड बैंगन की खेती की, जिसमें करीब 23 टन उत्पादन हुआ। उत्पाद को लगभग 20 रुपए प्रति किलो की दर से बेचने पर उन्हें करीब 2.65 लाख रुपए की सकल आमदनी प्राप्त हुई।
कृषक का कहना है कि पहले वे मुख्य रूप से धान की खेती करते थे, लेकिन उद्यानिकी फसलों को अपनाने से उत्पादन और बाजार मूल्य के बेहतर अवसर मिले हैं। आधुनिक तकनीकों और कृषि यंत्रों के उपयोग से खेती अधिक लाभकारी हो रही है। उनकी सफलता आसपास के किसानों के लिए प्रेरणा बन रही है और वे अन्य किसानों को भी धान के साथ सब्जी एवं अन्य उद्यानिकी फसलों की खेती अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।






























