बसना:हत्या की आशंका में दो लोगों पर मामला दर्ज, सड़क दुर्घटना में मौत के बाद मर्ग जांच से खुलासा

बसना/भंवरपुर। ग्राम बड़े साजापाली में 50 वर्षीय परदेशी यादव की मौत के मामले में मर्ग जांच के बाद पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ हत्या की आशंका में अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने भानूप्रताप लहरे और मनोहर कोसरिया के विरुद्ध धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर की सुबह परदेशी यादव को चोटिल अवस्था में श्री श्याम अस्पताल भंवरपुर लाया गया था, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी में मामला सड़क दुर्घटना से जुड़ा बताया गया था। इसके बाद पुलिस ने मर्ग क्रमांक 126/2026 के तहत जांच शुरू की।
मर्ग जांच के दौरान घटनास्थल निरीक्षण, शव निरीक्षण और पंचनामा में मृतक के सिर व शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोट, खरोंच और संघर्ष के निशान मिले। चिकित्सक ने शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण ट्रॉमेटिक इंजरी एवं इंटरनल सेरेब्रल हेमरेज बताया तथा प्रकृति को परिस्थितिजन्य साक्ष्यों और आगे की पुलिस जांच के आधार पर संभावित रूप से हत्या से संबंधित बताया।
जांच के दौरान मृतक के भांजे अमन कुमार साहनी सहित अन्य पंचों ने अपने कथनों में भानूप्रताप लहरे और मनोहर कोसरिया पर परदेशी यादव की हत्या करने का संदेह व्यक्त किया। मर्ग जांच में अपराध घटित होना पाए जाने पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।






























