बसना:पिपरौद में पुरानी रंजिश को लेकर युवक से मारपीट, मोबाइल ले जाने का आरोप

बसना। पिपरौद निवासी एक व्यक्ति ने पुरानी बात को लेकर उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार घटना 11 सितंबर 2026 की सुबह करीब 8 बजे भंवरपुर जाने वाले रास्ते के मोड़ के पास हुई।
शिकायतकर्ता के मुताबिक वह चिवराकुटा अस्पताल जा रहा था और रास्ते में नाश्ता करने के लिए रुका था। इसी दौरान उसका साला मधुसुदन बेहरा वहां पहुंचा और पुरानी बात को लेकर अश्लील गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि उसने फोन कर अपने घर से हलधर बेहरा और संखसुदन बेहरा को बुलाया। तीनों ने एक राय होकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
आरोप है कि मधुसुदन बेहरा ने वहां रखी लकड़ी से शिकायतकर्ता के सिर पर वार किया, जबकि हलधर बेहरा एवं संखसुदन बेहरा ने हाथ-मुक्के से मारपीट की। मारपीट में सिर और दाहिने हाथ में चोट लगने के साथ खून निकलने लगा। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि मधुसुदन बेहरा उसकी जेब से वीवो-21 कंपनी का मोबाइल लेकर चला गया। घटना को आसपास मौजूद लोगों द्वारा देखे-सुने जाने की बात शिकायत में कही गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले में कार्रवाई शुरू की है।





























