महासमुंद:दीवार का मलबा ले जाने पर विवाद, चाचा-भतीजे में मारपीट दंपती घायल

महासमुंद। ग्राम खरोरा के वार्ड क्रमांक 07 में पुराने कच्चे मकान की दीवार गिरने के बाद मलबा ले जाने को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में मारपीट हुई, जिसमें एक व्यक्ति और उसकी पत्नी घायल हो गए।
पीड़ित के अनुसार, 24 अगस्त की शाम करीब 5.30 बजे उसके पुराने कच्चे मकान की मिट्टी की दीवार उसके भतीजे हिरालाल धीवर के घर की ओर गिर गई। दीवार का मिट्टी व लकड़ी का मलबा हिरालाल और उसका बेटा सोनू अपने घर की ओर ले जा रहे थे। मलबा ले जाने से मना करने पर सोनू ने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और पैर से कमर के पास मारपीट कर दी, जिससे पीड़ित जमीन पर गिर गया।
बीच-बचाव करने पहुंची पीड़ित की पत्नी लोमन धीवर के साथ भी हिरालाल, सोनू व घर के अन्य लोगों द्वारा एक राय होकर हाथ-मुक्का से मारपीट करने का आरोप है। घटना में पीड़ित के कमर में अंदरूनी चोट तथा उसकी पत्नी के दाहिने हाथ और गाल में चोट आने की बात कही गई है। घटना को पीड़ित की बेटी लता, ललिता धीवर और साढ़ू भाई देवा धीवर द्वारा देखे-सुने जाने का उल्लेख किया गया है। पीड़ित ने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की है।




























