महासमुंद :जिले के इन… ब्लॉक के पटवारी निलंबित जानिए मामला

महासमुंद। डिजिटल फसल सर्वेक्षण एवं राजस्व संबंधी कार्यों में लापरवाही और उदासीनता बरतने पर महासमुंद जिले के पांच पटवारियों को निलंबित कर दिया गया है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह द्वारा राजस्व कार्यों और डिजिटल फसल सर्वेक्षण की नियमित समीक्षा के दौरान लापरवाही सामने आने तथा कारण बताओ नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं मिलने के बाद संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों ने निलंबन की कार्रवाई की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार वर्ष 2026-27 के डिजिटल फसल सर्वेक्षण (DCS) के तहत शेष खसरों की गिरदावरी पीवी ऐप (PV App) के माध्यम से भौतिक सत्यापन कर निर्धारित समय-सीमा 30 सितंबर 2026 तक पूरा किया जाना था। इसके लिए पटवारियों को खसरा नंबर आवंटित कर आवश्यक निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद संबंधित पटवारियों द्वारा कार्य प्रारंभ नहीं करने और संतोषजनक प्रगति नहीं होने से गिरदावरी कार्य समय-सीमा में पूरा करने में परेशानी उत्पन्न हो रही थी। इस संबंध में जारी कारण बताओ नोटिस का जवाब भी संतोषजनक नहीं पाया गया।
आदेश के अनुसार, बसना तहसील के पटवारी उदय प्रकाश राजपूत को डिजिटल फसल सर्वेक्षण का कार्य निर्धारित समय-सीमा में प्रारंभ नहीं करने और प्रगति संतोषजनक नहीं होने के कारण निलंबित किया गया है। वहीं, सरायपाली तहसील के पटवारी जितेंद्र सिंह बाघ पर ग्राम पड़कीपाली में शासकीय भूमि को पटवारी अभिलेख में कथित रूप से मनमाने तरीके से दूसरे कृषक के नाम दर्ज करने का आरोप है।
इसी प्रकार, महासमुंद तहसील के पटवारी हरीश चंद्राकर को ग्राम बड़गांव में खसरा नंबर की वास्तविक स्थिति छिपाकर दोबारा नामांतरण करने के मामले में निलंबित किया गया है। वहीं, बागबाहरा तहसील की पटवारी कंचन साहू और पटवारी लुकेश यादव को डिजिटल फसल सर्वेक्षण के तहत निर्देशानुसार भौतिक सत्यापन नहीं करने के कारण निलंबित किया गया है।
आदेश में संबंधित पटवारियों के कदाचरण, अनुशासनहीनता और कर्तव्य के प्रति गंभीर लापरवाही को देखते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 9 के उपनियम (1)(क) के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई की गई है। निलंबन अवधि के दौरान संबंधित पटवारियों का मुख्यालय तहसील कार्यालय निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। आदेश तत्काल प्रभावशील हो गया है।





























