महासमुंद:किशोरी को गाली देने से रोकने पर महिला से मारपीट, जेठ ने दी जान से मारने की धमकी

महासमुंद। ग्राम धनसुली में किशोरी को गाली देने से रोकने पर महिला के साथ उसके जेठ द्वारा मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, 7 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 7 बजे पीड़िता की 14 वर्षीय बेटी रूमांशी पढ़ाई करने के लिए छत पर गई थी। इसी दौरान उसके जेठ मनोज साहू द्वारा उसे गाली-गलौज की जा रही थी। महिला ने जब गाली देने का विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ भी अश्लील गाली-गलौज करते हुए लकड़ी से मारपीट की।
मारपीट में महिला के दाहिने कान और बाएं हाथ में चोट आई है। शिकायत में बताया गया कि आरोपी ने घटना की रिपोर्ट करने पर परिवार के लोगों को जान से खत्म करने की धमकी भी दी। घटना के दौरान महिला का पति गंगाराम साहू तथा उसके बच्चे संदीप और रूमांशी मौजूद थे, जिन्होंने घटना देखी और बीच-बचाव किया।
पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी मनोज साहू के खिलाफ धारा 115(2), 296, 3(5) एवं 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।






























