तुमगांव:ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा, युवती से 1.42 लाख की ऑनलाइन ठगी जाने पुरा मामला

तुमगांव। ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश कर अधिक मुनाफा कमाने का लालच देकर 20 वर्षीय युवती से करीब 1 लाख 42 हजार 89 रुपये की ऑनलाइन ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। ठगी के बाद आरोपितों ने अतिरिक्त राशि की मांग करते हुए युवती को AI से बनाए गए फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी। शिकायत पर तुमगांव पुलिस ने धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, वार्ड क्रमांक 02 स्वामी विवेकानंद वार्ड तुमगांव निवासी चित्रांशा दुबे ने शिकायत दर्ज कराई कि 24 फरवरी 2025 को Instagram के माध्यम से एक मोबाइल नंबर धारक ने उससे संपर्क किया। बातचीत के दौरान उसे ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश करने पर अधिक मुनाफा कमाने का झांसा दिया गया। युवती आरोपितों के झांसे में आ गई और अलग-अलग तारीखों में गांव के च्वाइस सेंटरों के माध्यम से बताए गए QR कोड पर रकम भेजती रही।
शिकायत के मुताबिक, 23 फरवरी 2025 से 22 दिसंबर 2025 के बीच कई किस्तों में कुल 1,42,089.79 रुपये आरोपितों द्वारा बताए गए QR कोड पर भेजे गए। कुछ समय बाद युवती को अपने साथ धोखाधड़ी होने का संदेह हुआ और उसने रकम वापस मांगी। इस पर आरोपितों ने कथित रूप से 13,854 रुपये और जमा करने पर 2,33,570.29 रुपये मैच्योरिटी राशि व मुनाफे के रूप में मिलने का लालच दिया।
युवती ने अतिरिक्त रकम देने से इनकार कर अपने पूर्व में दिए पैसे वापस मांगे तो आरोपितों ने AI से बनाए गए फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद युवती ने तुमगांव थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर मोबाइल नंबरों, QR कोड और ऑनलाइन लेन-देन की जांच शुरू कर दी है।




























