महासमुंद:शहीद स्मारक के पास ट्रक की ठोकर से कार सवार छह लोग घायल

महासमुंद। ग्राम गुखेरा, आरंग में आयोजित तीज-नाहवन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे एक परिवार की कार को ग्राम खरोरा स्थित शहीद स्मारक के पास एनएच-353 पर तेज रफ्तार ट्रक ने साइड से टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार छह लोग घायल हो गए। इनमें दो को गंभीर चोट आने पर रायपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 16, पुराना रावण भांठा महासमुंद निवासी परिवार 24 अगस्त को सुबह अपने रिश्तेदार के तीज-नाहवन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आरंग जा रहा था। इसी दौरान गणेश सिंह चौहान अपने परिवार के साथ कार क्रमांक सीजी 04 एलजी 0568 से महासमुंद से ग्राम गुखेरा की ओर रवाना हुए थे। करीब सुबह 9.30 बजे ग्राम खरोरा के शहीद स्मारक के पास एनएच-353 पर ट्रक क्रमांक सीजी 04 क्यूवाई 6372 के चालक ने वाहन को तेज एवं लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए उनकी कार को साइड से टक्कर मार दी।
दुर्घटना में गणेश सिंह चौहान, उनकी पत्नी रानी सिंह चौहान, सुभांगी चौहान, तनीश सिंह चौहान, आयान सिंह चौहान और कार चालक दीपक सिंह चौहान घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल महासमुंद ले जाया गया। गंभीर चोट के कारण कार चालक दीपक सिंह चौहान और सुभांगी चौहान को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया, जबकि गणेश सिंह चौहान, रानी सिंह चौहान, तनीश सिंह चौहान और आयान सिंह चौहान का जिला अस्पताल महासमुंद में उपचार जारी है। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।



























