तेदुकोना:तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर, इलाज के दौरान युवक की मौत

तेन्दूकोना। ग्राम कुम्हारीमुड़ा के पास सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग जांच के बाद आरोपी मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक पीला लाल साहू पिता धरम साहू (30 वर्ष), निवासी छिंदपाली, थाना नुआपाड़ा, ओडिशा 17 जून को अपने ससुराल ग्राम कुम्हारीमुड़ा आया था। 19 जून को वह निजी काम से अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 HD 3969 से तेन्दूकोना गया था। काम पूरा कर वापस कुम्हारीमुड़ा लौटते समय करीब 10:30 बजे अग्रवाल/श्रीश्याम राइस मिल के पास सामने से आ रही मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 HA 7574 के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में पीला लाल साहू को गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलने पर डायल 112 की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान करीब 11:30 बजे डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मर्ग जांच के दौरान पंच गवाहों एवं अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए गए। जांच में मोटरसाइकिल चालक की लापरवाही सामने आने पर उसके खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।



























