महासमुंद:आंगन मिलन सेवा के दूसरे दिन 176 आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजन, बच्चों ने लिया नेवता भोज

महासमुंद। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में संचालित ‘आंगन मिलन सेवा’ के दूसरे दिन जिले के 176 आंगनबाड़ी केंद्रों में उत्साह और जनभागीदारी के साथ विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी कड़ी में महासमुंद शहरी सेक्टर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय वार्ड क्रमांक-11 स्थित सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र में नेवता भोज एवं सम्मान समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, हितग्राहियों एवं स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता कर बच्चों के साथ खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम में पूर्व पार्षद श्रीमती मीना वर्मा, पार्षद ओमिन कागजी, सारिका यादव, मैना कोशेले, तोमन कागजी एवं सेक्टर सुपरवाइजर शीला प्रधान उपस्थित रहीं। इस अवसर पर सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र की कार्यकर्ता श्रीमती सावित्री रजक तथा महतारी वंदन योजना की हितग्राही श्रीमती पदमनी यादव का श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।
बच्चों को कराया पौष्टिक नेवता भोज
आंगन मिलन सेवा के अवसर पर बच्चों के लिए विशेष नेवता भोज का आयोजन किया गया। बच्चों को खीर, पूरी, चावल एवं सब्जी सहित पौष्टिक एवं स्वादिष्ट भोजन कराया गया। जनप्रतिनिधियों और अतिथियों ने बच्चों के साथ समय बिताकर उनसे संवाद किया तथा उनके साथ भोजन कर सेवा और आत्मीयता का संदेश दिया।
जनभागीदारी से मजबूत हो रहे आंगनबाड़ी केंद्र
पूर्व पार्षद मीना वर्मा ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल पोषण और प्रारंभिक शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम भी हैं। वहीं पार्षद ओमिन कागजी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान लोगों को सेवा और जनभागीदारी से जोड़ने का अवसर दे रहा है। ऐसे आयोजनों से बच्चों और महिलाओं का उत्साह बढ़ने के साथ समुदाय की भागीदारी भी मजबूत होती है।
प्रभारी परियोजना अधिकारी शीला प्रधान ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘आंगन मिलन सेवा’ 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में रोस्टरवार मनाई जा रही है। इसके माध्यम से जनप्रतिनिधियों और समुदाय के लोगों को आंगनबाड़ी केंद्रों से जोड़कर बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा, स्वास्थ्य एवं महिलाओं से संबंधित गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। नेवता भोज, हितग्राहियों एवं कार्यकर्ताओं का सम्मान तथा बच्चों के साथ आत्मीय संवाद के माध्यम से ‘सेवा ही संकल्प, जनभागीदारी ही शक्ति’ की भावना को मजबूत किया जा रहा है।





























