महासमुंद:क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में बवाल, तलवार से हमला कर युवक घायल

महासमुंद। शहर के मिनी स्टेडियम में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मैच के दौरान एक युवक पर तलवार से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना 13 जून की रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार वार्ड क्रमांक 21 मेकबसंत कॉलोनी निवासी शुभम पाहुजा टूर्नामेंट का फाइनल मैच देखने मिनी स्टेडियम पहुंचे थे। इसी दौरान एक युवक बाइक से तेज गति और कट मारते हुए निकला, जिससे उसकी बाइक शुभम से टकरा गई। इस बात पर टोके जाने से नाराज युवक आशीष सोनी कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए वहां से चला गया।
कुछ देर बाद आशीष सोनी तलवार लेकर वापस पहुंचा और शुभम को जान से मारने की धमकी देते हुए उस पर हमला कर दिया। शुभम ने बचने का प्रयास किया, जिससे बड़ा हादसा टल गया, लेकिन हमले के दौरान उसकी पीठ में चोट आई। घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया।
घटना के प्रत्यक्षदर्शियों में रौनक गुप्ता, कुनाल ठाकुर, सुजल सचदेवा और नचिकेत शर्मा शामिल बताए गए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




























