सरायपाली:बजरंग बली मंदिर के पास हादसा, बाइक सवार ने तोड़ा दम

सरायपाली। थाना क्षेत्र के ग्राम डोंगरीपाली में हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम नवरंगपुर निवासी गिरधारी निषाद (45 वर्ष) 13 जून की शाम अपनी बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GT 2117 से डोंगरीपाली से नवरंगपुर लौट रहे थे। शाम करीब 6 बजे बजरंग बली मंदिर के पास पीछे से आ रही बोलेरो पिकअप वाहन क्रमांक CG 06 HA 5562 के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
हादसे में गिरधारी निषाद के सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की सहायता से उन्हें डायल-112 के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सरायपाली पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद रात करीब 8 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर थाना सरायपाली पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान यह पाया गया कि हादसा बोलेरो पिकअप चालक की तेज एवं लापरवाहीपूर्ण ड्राइविंग के कारण हुआ। पुलिस ने आरोपी चालक के विरुद्ध धारा 106(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।
































