बागबाहरा:अज्ञात चोरों का बड़ा कारनामा, सूने मकान से लाखों की संपत्ति पार

बागबाहरा। जिले में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामले में अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए नगदी और सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी 24 जुलाई 2026 की शाम करीब 6 बजे अपने परिचित की कार से अपने ससुराल ग्राम तोरला (पटेवा) गया था। अगले दिन 25 जुलाई को सुबह लगभग 11:30 बजे उसके साथी पराग पुजारा ने फोन कर घर का ताला टूटा होने की सूचना दी। सूचना मिलने पर वह तत्काल घर पहुंचा, जहां मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला तथा कमरे का सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी का ताला भी टूटा हुआ था।
जांच करने पर अलमारी में रखे 3 लाख 50 हजार रुपये नकद, एक सोने का हार, दो जोड़ी सोने के टॉप्स, एक सोने की चेन, एक सोने का ब्रेसलेट, दो चांदी की अंगूठियां तथा चार चांदी की बिछिया गायब मिली। आशंका है कि अज्ञात चोर घर में घुसकर लाखों रुपये की नगदी और जेवरात चोरी कर फरार हो गए।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा चोरों की तलाश की जा रही है।






























