बसना:मीटर परीक्षण करने पहुंची बिजली विभाग की टीम को रोका, आरोपी पर एफआईआर

बसना/भंवरपुर। थाना बसना अंतर्गत पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और धमकी देने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के पिरदा वितरण केंद्र में पदस्थ कनिष्ठ यंत्री (जूनियर इंजीनियर) दुलेश्वर कुमार दीवान ने शिकायत दर्ज कराई है कि 18 जुलाई 2026 को वे सहायक यंत्री, ठेका कर्मियों एवं अन्य कर्मचारियों के साथ ग्राम धुपेनडीह में उपभोक्ता के बिजली मीटर की जांच के लिए पहुंचे थे।
शिकायत में बताया गया है कि जांच के दौरान ग्राम धुपेनडीह निवासी जितेंद्र पटेल ने कथित रूप से मीटर परीक्षण कार्य में बाधा पहुंचाई, फावड़ा उठाकर कर्मचारियों को डराया तथा बिजली मीटर पर फावड़े से वार कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। आरोपी ने कर्मचारियों को धमकी देते हुए “जो करना है कर लो” भी कहा। घटना का वीडियो रिकॉर्ड होने का भी दावा किया गया है।
घटना की लिखित शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच कर प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर आरोपी जितेंद्र पटेल के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 221, 326 एवं 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


































