पटेवा : झलप में बैटरी दुकान का ताला तोड़कर 18,500 रुपये की चोरी, पुलिस जांच में जुटी

महासमुंद। पटेवा थाना क्षेत्र के छिलपावन चौक, झलप स्थित एक बैटरी दुकान में अज्ञात चोरों ने रात के समय ताला तोड़कर नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित दुकानदार ने मामले की शिकायत पुलिस से करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम छिंदौली निवासी दुकानदार 12 जुलाई 2026 की रात करीब 8 बजे अपनी अज्जू बैटरी शॉप बंद कर शटर में ताला लगाकर घर चला गया था। अगले दिन 13 जुलाई की सुबह करीब 9 बजे दुकान पहुंचने पर उसने देखा कि शटर का ताला टूटा हुआ है। अंदर जाकर जांच करने पर गल्ले (दराज) का ताला भी टूटा मिला और उसमें रखी नकदी गायब थी।
दुकानदार ने बताया कि गल्ले में प्रतिदिन के आय-व्यय के लिए 10, 20, 100, 200 और 500 रुपये के नोटों सहित कुल 18,500 रुपये रखे हुए थे, जिन्हें अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी आसपास के दुकानदारों को देने के बाद भी चोरों का कोई सुराग नहीं मिला।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही चोरों की तलाश में जुटी हुई है।
































