पटेवा:तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी पीछे से टक्कर, तीन युवक घायल

पटेवा। ग्राम बरेकेल खुर्द निवासी गोकुल कौशिक ने थाना पटेवा में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 21 सितंबर की रात वह अपने दोस्त कोमल ध्रुव एवं झाकेश ध्रुव के साथ पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG06GR4654 से झलप मीनाबाजार देखने गया था। मीनाबाजार देखकर तीनों वापस बरेकेल खुर्द लौट रहे थे।
रात करीब 10:30 बजे वे NH-53 पर छिलपावन चौक के आगे शिव इलेक्ट्रॉनिक दुकान के पास पहुंचे थे। इसी दौरान पिथौरा की ओर से आ रही सिल्वर रंग की स्विफ्ट कार क्रमांक CG06GN0681 के चालक ने तेज रफ्तार एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए पीछे से मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में मोटरसाइकिल सवार तीनों युवक सड़क पर गिर गए और घायल हो गए।
घायलों में गोकुल कौशिक के दाहिने हाथ, सिर के पीछे, पेट एवं दोनों पैरों में चोट आई, जबकि कोमल ध्रुव एवं झाकेश ध्रुव को भी सिर, सीना व शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। हादसे के बाद तीनों को उपचार के लिए NCC अस्पताल झलप ले जाया गया। हालत के अनुसार कोमल ध्रुव को रायपुर के मित्तल अस्पताल तथा गोकुल कौशिक को महासमुंद के अकाल पुरख अस्पताल रेफर किया गया। झाकेश ध्रुव का उपचार झलप में कराया गया।
उपचार के बाद 30 सितंबर को गोकुल कौशिक ने थाना पटेवा पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सिल्वर रंग की स्विफ्ट कार के चालक के विरुद्ध धारा 281 एवं 125(A) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।



























