बसना:सीमेंट का छींटा पड़ने के विवाद में मारपीट, दो पक्षों पर गाली-गलौज का आरोप

बसना। वार्ड क्रमांक 14 निवासी एवं छत्तीसगढ़ स्टेट सिविल सप्लाई कॉरपोरेशन के सरायपाली डिपो में डिपो इंचार्ज के पद पर पदस्थ व्यक्ति ने बसना थाने में मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार 29 सितंबर 2026 को सुबह करीब 9:30 बजे वह घर से कार्यालय जाने के लिए निकला था। इस दौरान उसने अपनी कार पर सीमेंट के छींटे पड़े देखे।
शिकायतकर्ता के अनुसार उसके बाजू में रहने वाले मिल प्रसाद पटेल के मकान में सीमेंट से छबाई का काम चल रहा था। कार पर सीमेंट के छींटे पड़ने की बात को लेकर मना करने पर मिल प्रसाद पटेल एवं नितेश पटेल ने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्का से मारपीट की।
इसी दौरान शिकायतकर्ता की चाचा की लड़की दीक्षा पटेल ने मिल प्रसाद, नितेश पटेल और बनीता पटेल से उनके घर का दरवाजा क्यों खोला गया, इस संबंध में बात की। आरोप है कि तीनों ने दीक्षा के साथ भी गाली-गलौज कर हाथ-मुक्का से मारपीट की। मारपीट में दीक्षा के गाल, सिर और दाहिने हाथ में तथा शिकायतकर्ता के दाहिने कान और गाल में दर्द होने की बात कही गई है।
घटना को शिकायतकर्ता की छोटी बहन साक्षी पटेल सहित आसपास के लोगों द्वारा देखे-सुने जाने की बात रिपोर्ट में कही गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर धारा 115(2), 296 एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच कार्रवाई शुरू की है।





























