सरायपाली

सरायपाली:राष्ट्रीय छात्रवृत्ति परीक्षा में केदुवां  स्कूल की दो बच्चों ने मारी बाजी

सरायपाली। शासकीय उच्च प्राथमिक शाला केदुवाँ के लिए गर्व और खुशी का विषय है कि विद्यालय की दो मेधावी छात्राओं कु. वीणा साहू एवं कु. प्रेमशीला राणा का चयन राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा (NMMS) 2025-26 में हुआ है। दोनों छात्राओं ने अपनी मेहनत, लगन, अनुशासन और निरंतर अध्ययन के बल पर यह उल्लेखनीय सफलता प्राप्त कर विद्यालय, अपने अभिभावकों तथा पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। शाला परिवार ने दोनों छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री टीकमचंद पटेल तथा बीआरसी श्री देवानंद नायक ने छात्राओं की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि निरंतर परिश्रम, दृढ़ संकल्प और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का यह उत्कृष्ट परिणाम है।
विद्यालय के प्राचार्य श्री अरुण कुमार भोई ने कहा कि छात्राओं की सफलता विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयास, शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं विद्यार्थियों की मेहनत का प्रतिफल है। उन्होंने दोनों छात्राओं को आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी शुभकामनाएं दीं।
संकुल समन्वयक श्री घनश्याम दास ने दोनों छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह सफलता पूरे संकुल के लिए गौरव का विषय है तथा इससे अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलेगी।
इस अवसर पर शासकीय उच्च प्राथमिक शाला केदुवाँ के समस्त शिक्षकगण एवं शाला परिवार ने दोनों छात्राओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वर्णिम भविष्य की मंगलकामना की।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!