सरायपाली:आंगन में सो रहे युवक पर धारदार वार, बाल-बाल बची जान

सरायपाली। थाना क्षेत्र के ग्राम बालसी में एक युवक पर सोते समय धारदार हथियार से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित परसु राम अजगल्ले (27 वर्ष) ने थाना सरायपाली में लिखित शिकायत देकर आरोपी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, परसु राम अजगल्ले 10 जून 2026 की रात परिवार के साथ भोजन करने के बाद अपने घर के आंगन में खाट पर सो रहा था। उसके पास ही उसकी मां भी सोई हुई थीं। रात करीब 10 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके सिर पर धारदार वस्तु से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया।
घटना के बाद परिजन एवं ग्रामीण उसे तत्काल सरकारी अस्पताल सरायपाली ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बसना स्थित अग्रवाल नर्सिंग होम रेफर किया गया। घायल युवक 11 जून से 15 जून तक अस्पताल में भर्ती रहकर उपचार कराता रहा। चिकित्सकों के अनुसार सिर में गंभीर चोट लगी थी, जिससे उसकी जान को भी खतरा हो सकता था।
पीड़ित ने अपनी शिकायत में बताया है कि उसके माता-पिता ने घटना के समय मोहन लाल अजगल्ले को घटनास्थल से भागते हुए देखा था। शिकायत के अनुसार आरोपी मोहन लाल अजगल्ले एवं उसके परिवार के साथ पूर्व से पारिवारिक विवाद और रंजिश चली आ रही थी तथा वह पहले भी धमकी देता रहा था।
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि पुरानी रंजिश के चलते उसकी हत्या करने की नीयत से यह हमला किया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना की परिस्थितियों एवं आरोपों की सत्यता की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।































