बसना:खेत की मेड़ को लेकर विवाद, पिता-पुत्र पर मारपीट व धमकी देने का मामला दर्ज

बसना। चौकी भंवरपुर क्षेत्र के ग्राम भंवरपुर में खेत की मेड़ को लेकर हुए विवाद में एक युवक के साथ मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो आरोपियों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम भंवरपुर निवासी प्रेमसागर पटेल (25 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसके खेत में नई मेड़ बनाकर मिट्टी डाली गई थी। इसी बात को लेकर पड़ोसी खेत के मालिक कार्तिकेश्वर पटेल एवं उसके पिता मुनुदाउ पटेल उससे विवाद करने लगे। आरोप है कि दोनों ने खेत की मेड़ को लेकर विवाद करते हुए अश्लील गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत के अनुसार मुनुदाउ पटेल ने बांस के डंडे से प्रार्थी के सिर एवं पीठ पर हमला कर चोट पहुंचाई, जबकि कार्तिकेश्वर पटेल ने भी गाली-गलौज करते हुए धमकी दी। घटना को प्रार्थी की पत्नी रमशीला पटेल एवं परिवार की अन्य सदस्य ने देखा बताया गया है।
मामले की शिकायत पर चौकी भंवरपुर से प्रकरण थाना बसना भेजा गया, जहां आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 351(2) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।





























