महासमुंद:छोटे भाई को लेकर विवाद, युवक से मारपीट कर दी जान से मारने की धमकी

महासमुंद। शहर के वर्धमान नगर वार्ड क्रमांक 18 में छोटे भाई को काम पर ले जाने की बात को लेकर हुए विवाद में एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 18 वर्धमान नगर निवासी भीमा बेलदार (ड्राइवर) ने पुलिस को बताया कि 13 जून 2026 की शाम करीब 7 बजे वह अपने घर के सामने खड़ा था। इसी दौरान मोहल्ले का बंटी बेलदार वहां पहुंचा और उसके छोटे भाई अर्जुन बेलदार के संबंध में बातचीत करने लगा। बातचीत के दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
शिकायत के अनुसार, विवाद बढ़ने पर आरोपी बंटी बेलदार ने गाली-गलौज करते हुए भीमा बेलदार के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की तथा डंडे से उसके मुंह पर वार कर दिया। आरोप है कि आरोपी ने मोहल्ले में रहने पर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना में पीड़ित को मुंह, दाहिने पैर और बाएं हाथ में चोटें आई हैं।
घटना के दौरान उमेश लोहार ने बीच-बचाव किया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 296 एवं 351(3) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।






























