बसना:निर्माण कार्य के लिए बिछाई गई बिजली वायर पर चोरों ने किया हाथ साफ

बसना। ग्राम पिरदा में निर्माणाधीन मकान से बिजली वायर चोरी होने का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पिरदा निवासी एक किसान अपने खसरा नंबर 320/2 रकबा 0.17 हेक्टेयर में नया मकान निर्माण करा रहा है। निर्माण कार्य के दौरान बिजली एवं मशीन संचालन के लिए लगभग 160 मीटर लंबी 2 एमएम मल्टीवायर बिछाई गई थी।
पीड़ित ने बताया कि 11 जून 2026 की सुबह करीब 7 बजे जब वह निर्माणाधीन मकान पहुंचा तो देखा कि वहां लगी पूरी वायर अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर ली गई है। घटना की जानकारी आसपास के लोगों से पूछताछ कर जुटाने का प्रयास किया गया, लेकिन चोर का कोई सुराग नहीं मिला।
चोरी की इस घटना से पीड़ित को लगभग 15 हजार रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिस पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।






























