खेत में लगे सोलर पंप की कंट्रोल यूनिट चोरी, किसान ने थाने में दर्ज कराई शिकायत

बिलाईगढ़। ग्राम देवरहा निवासी किसान यादराम कैवर्त ने अपने खेत में स्थापित सोलर पंप सिस्टम से महत्वपूर्ण उपकरण चोरी होने की शिकायत थाना बिलाईगढ़ में दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम देवरहा निवासी यादराम कैवर्त कृषि कार्य करते हैं। उनके खेत में शासन की सोलर पंप योजना के तहत वर्ष 2023 में सोलर पंप सिस्टम स्थापित किया गया था, जिससे वे सिंचाई का कार्य कर रहे थे। शिकायत के अनुसार, 1 जून 2026 की रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने खेत में लगे सोलर पंप सिस्टम की स्टार्टर कंट्रोल यूनिट चोरी कर ली, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई है।
घटना की जानकारी मिलने पर किसान ने अपने स्तर पर चोरी गए सामान की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। चोरी के कारण सोलर पंप बंद हो गया है, जिससे खेतों की सिंचाई प्रभावित हो रही है और फसल को नुकसान होने की आशंका बढ़ गई है।
पीड़ित किसान ने थाना बिलाईगढ़ में लिखित आवेदन देकर मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।































