महासमुंद

कलेक्टर लंगेह ने साल्हेभाठा उपार्जन केंद्र का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए निर्देश

जिले में धान खरीदी सुचारू रूप से जारी, 6.10 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीदी, राज्य में सर्वाधिक,

काकाखबरीलाल@महासमुंद। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आज साल्हेभाठा धान उपार्जन केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण कर खरीफ धान खरीदी प्रक्रिया की समुचित व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र पर उपलब्ध सुविधाएँ तथा खरीदी प्रक्रिया की पारदर्शिता का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर लंगेह ने धान खरीदी केंद्र पर धान प्रबंधन, तौल प्रक्रिया, किसान टोकन प्रणाली और भुगतान से जुड़ी व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने अधिकारी-कर्मचारियों से कहा कि धान खरीदी कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और किसानों को समय पर न्यूनतम समर्थन मूल्य भुगतान सुनिश्चित करना प्राथमिकता हो। इस दौरान कलेक्टर ने किसानों से भी बातचीत की और उनकी समस्याओं तथा सुझावों को सुना। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि प्रशासन धान खरीदी में पारदर्शिता और सुविधा बनाए रखने के लिए नियमित मॉनिटरिंग करेगा।
साथ ही कलेक्टर ने केंद्र प्रभारी और अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र पर धान की स्टैकिंग, वज़न माप और ऑनलाइन रिकॉर्डिंग सिस्टम को समय-समय पर अपडेट किया जाए और किन्हीं भी गड़बड़ियों को तुरंत सुधारा जाए। उन्होंने ड्यूटी में अनुपस्थित रहने वाले सभी अधिकारियों तथा कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि राज्य शासन के मंशानुरूप जिले में धान खरीदी का कार्य पादर्शिता एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था के साथ सुचारू रूप से जारी है। 8 जनवरी की स्थिति में जिले के 182 धान उपार्जन केन्द्रां के माध्यम से लगभग 6 लाख 10 हजार मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया जा चुका है, जो राज्य में सर्वाधिक है। अब तक मिलर्स द्वारा लगभग एक लाख 54 हजार 816 मीट्रिक टन धान का उठाव किया जा चुका है। वहीं लगभग 3 लाख 23 हजार 994 मीट्रिक टन धान का डी.ओ. जारी किया गया है।

AD#1

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!