अपहरण की कोशिश में नाकाम होने पर व्यवसायी पर चलाई गोली

●तीनो आरोपी 24 घण्टे के अंदर गिरफ्तार
●रविवार रात मेन रोड महलपारा की घटना
सरायपाली. शहर के एक व्यवसायी को अपहरण करने की कोशिश में नकाबपोशों ने गोली चला दी. घटना के बाद आरोपी फरार हो गए. अपहरण कर फिरौती मांगने की योजना नाकाम हो गई और 24 घण्टे के भीतर पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले तीनो आरोपियों को धर दबोचा. घटना में प्रयुक्त मोटरसायकल, पिस्टल, जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया. शाम को स्थानीय आरक्षी केंद्र में पुलिस ने प्रेस वार्ता रखकर मामले का खुलासा किया.
पुलिस ने बताया कि रविवार रात 8 बजे महलपारा के एक युवा व्यवसायी राहुल अग्रवाल अपनी दुकान बंद करने के बाद कार से जब घर पहुंचा तो अचानक तीन नकाबपोश स्प्लेण्डर मोटरसायकल से पीछा करते हुए उसके घर तक पहुंच गए. वहां उतरकर कार के दरवाजे के पास एक नकाबपोश पहुंच गया और व्यवसायी को अपने साथ चुपचाप चलने को कहा नहीं तो गोली मार देने की धमकी दी. जिस पर राहुल अग्रवाल की आरोपी के साथ झूमा झटकी हुई. इस बीच आरोपी ने व्यापारी के ऊपर जानलेवा हमला करते हुए पिस्टल से गोली चला दी. गोली उसके बाएं हाथ की हथेली के आर पार हो गई.

इस दौरान आरोपी राकेश बंछोर महलपारा सरायपाली निवासी का नकाब खींचने में व्यवसायी सफल हो गया. घटना के दौरान मौजूद नकाबपोशों में से एक मोटरसायकल में बैठा था तथा दूसरा कार के पास खड़ा था. प्रार्थी द्वारा शोर करने पर एक आरोपी अपने मोटरसायकल से भाग गया तथा अन्य दो दौड़कर भाग गए. आरोपियों को जब घायल व्यवसायी ने दौड़ाया तो पुन: एक गोली चलायी जो उसके बाजू से निकल गई.

घायल व्यवसायी तुरंत थाना पहुंचकर पुलिस को इसकी जानकार दी. इसके बाद पुलिस ने रात से ही आरोपियों को ढूंढने में अपना जाल बिछा दिया.
वार्ड क्र. 1 महलपारा का है मुख्य आरोपी
पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर, एसडीओपी राजीश शर्मा के मार्गदर्शन में सरायपाली की पुलिस टीम ने आरोपियों को रात भर नाकाबंदी कर तलाश किया. सबसे पहले राकेश बंछोर पिता सुदर्शन बंछोर उम्र 29 वर्ष वार्ड क्र. 1 सरायपाली को हिरासत में लिया गया. इसके बाद अन्य दो आरोपियों को तलाशने के लिए टीम रवाना की गई. आज सोमवार को अन्य दो आरोपी रूपेश सागर पिता धौनदास सागर उम्र 20 वर्ष स्वीपरपारा थाना सारंगढ़ जिला रायगढ़ तथा दूसरा आरोपी परमेश्वर सिदार पिता मक्खन सिदार उम्र 20 वर्ष ग्राम गाताडीह थाना सारंगढ़ जिला रायगढ़ निवासी हैं. आरोपी रूपेश सागर मुख्य आरोपी राकेश बंछोर का भाई है. आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त एक मोटरसायकल स्प्लेण्डर सीजी 12 जी 0631, एक नग पिस्टल 7.65 ए एमएम , 2 नग मैग्जिन व 10 नग जिंदा कारतूस बरामद किया गया. घटना स्थल से 2 नग कारतूस के खाली खोखे बरामद किया गया. तीनो के खिलाफ धारा 307, 34, 120 बी, 511, 365, भादवि 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत आरोपियों को गिरफ्तार का न्यायिक रिमांड पर भेज दी गई है. इस कार्यवाही में थाना प्रभारी प्रदीप मिंज, उप निरीक्षक योगेश कुमार सोनी, लक्ष्मीनारायण साव, प्रधान आरक्षक ललित चंद्राकर, आरक्षक कामता आवडेÞ, दिलीप पटेल, राजकुमार रात्रे, धनाराम कुर्रे, डिग्रीलाल नंद, अनिल मांझी का योगदान रहा.
आर्थिक तंगी के चलते की अपहरण की कोशिश
पूछताछ में आरोपी राकेश बंछोर ने पुलिस को बताया कि आर्थिक तंगी तथा ऋण चुकता करने व व्यवसाय प्रारंभ करने की नियत से यह अपहरण की योजना बनाई गई थी. इससे बड़ी रकम वसूलने के लिए दो साथियों को साथ में शामिल किया.






























