सरायपाली: भव्य रूप से आकर्षक लाईटों से सजा शहर


सरायपाली( काकाखबरीलाल).आगामी 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाली श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा उत्सव की तैयारियों को लेकर सरायपाली शहर भी अब सजने लगा है। उक्त आयोजन को शहर में भी भव्य रूप से मनाने के लिए शहर के चारों ओर आकर्षक लाईटों, स्वागत द्वार लगाकर सजाया गया है। वहीं मंदिरों, घरों को भी आकर्षक लाईटों से सजाया जा रहा है। इस समय पूरा शहर दीपावली की तरह सज गया है। नगर के मुख्य मार्ग, पदमपुर रोड, सरसीवां रोड को अनेक स्वागत द्वारों से सजाया गया है। आगामी 22 जनवरी का दिन न केवल अयोध्या वासियों वरन् पूरे देश वासियों के लिए बहुत ही विशेष दिन है। विगत कई वर्षों से जिस राम मंदिर की बाट जोह रहे लोगों को अंतत: अयोध्या में राम मंदिर की प्रतिफल मिल गया है। अयोध्या के राम मंदिर में 22 जनवरी को भगवान श्रीराम के प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर पूरे देश के साथ-साथ सरायपाली वासियों में भी खासा उत्साह है। इस दिन को विशेष त्यौहार की तरह मनाने के लिए सभी तरह की तैयारियाँ की जा रही है। पूरे शहर को अनेक स्वागत गेट के साथ आकर्षक रूप से सजाया गया है। पूरे अंचल में 22 जनवरी को दीपावली की तरह मनाने की तैयारी की जा रही है। दिन में जहाँ उत्सव को मनाने के लिए कई आयोजन किये जाएंगे, वहीं शाम होते ही सभी घर दीप और रौशनियों से जगमगा उठेंगे। इसके अलावा व्यवसायियों के द्वारा भी हर दुकान के बाहर दीप जलाने का कार्यक्रम है। इसके साथ ही बाजार को जोड़ने वाली हर सड़क, चौराहों को भी विशेष तौर पर सजाया जा रहा है। सभी रास्तों, घरों में झण्डा लगाए जा रहे हैं। शहर के लगभग 5 हजार घरों में दीया, अक्षत चावल, कलेण्डर, राम जी की फोटो के साथ ध्वज वितरण किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक घरों में ध्वज लहराए। वहीं प्रतिदिन सुबह प्रभात फेरी निकाली जा रही है, इसके लिए भी आने का न्योता दिया जा रहा है।
लगभग 10 हजार लोगों के साथ निकलेगी शोभा यात्रा–
व्यापारी महासंघ के अध्यक्ष सुशील जैन ने 22 जनवरी के कार्यक्रम को लेकर बताया कि प्रात: 9 बजे सर्व रामभक्त के तत्वाधान में युवाओं के द्वारा बाईक रैली निकाली जाएगी। इसके साथ ही दोपहर 12 बजे के बाद रामलला मंदिर के स्थापना के समय जय स्तंभ चौक में अनवरत आतिशबाजी और एलईडी स्क्रीन द्वारा लाईव प्रसारण किया जाएगा। शाम को 4 बजे शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें लगभग 10 हजार लोगों के शामिल होने का लक्ष्य है। शोभायात्रा राम दरबार झांकी, कीर्तन पार्टी, कर्मा पार्टी, घंट पार्टी, डी जे साउण्ड, धुमाल पार्टी आदि के साथ नगर के हृदय स्थल श्रीराम मंदिर से प्रारंभ होकर पुराना पेट्रोल पंप, उड़ियापारा, गुरूनानक चौक, दुर्गा मंदिर, बाजारपारा, फव्वारा चौक के पश्चात गुरूनानक चौक होते हुए जय स्तंभ चौक के बाद श्री राम मंदिर वापस पहुंचेगी। वहीं रात्रि में मां दुर्गा मंदिर पदमपुर रोड में विशाल भंडारा की व्यवस्था की गई है। संगम सेवा समिति के सदस्य भी कर रहे हैं विशेष तैयारी
सरायपाली में इस आयोजन को भव्य रूप देने के लिए संगम सेवा समिति के संस्थापक प्रखर अग्रवाल भी लगातार अपनी टीम के साथ जुटे हुए हैं। उनके द्वारा पूरे शहर को बैनर, पोस्टर से सजाया जा रहा है। साथ ही श्री अग्रवाल स्वयं अपनी टीम के साथ गाँव-गाँव में व नगर में लगातार वाहन में माईक सेट से लोगों को अपने-अपने घरों में दीये जलाने और उत्सव को मनाने की अपील कर रहे हैं।



























