सरायपाली:गाँव की गली कीचड़ में तब्दील


सरायपाली। वर्तमान में लगभग सभी ग्रामों में सीसी रोड बन चुके हैं, लेकिन अभी भी कई गांवों की हालत अत्यंत बदतर बनी हुई है। कहीं-कहीं तो गाँव की गलियों को देखने पर किसी खेत की तरह का नजारा दिखाई देता है। इन दिनों ग्राम सराईपाली में भी कुछ इसी तरह का नजारा दिखाई दे रहा है, जहाँ गाँव की गली पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो चुकी है, जिसके कारण ग्रामीण जनों को बहुत अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इससे ग्रामीणों में भी काफी आक्रोश देखा जा रहा है।
शासन के द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए कई प्रकार के जतन किए जाते हैं एवं योजनाओं को लागू किया जाता है, लेकिन जमीनी स्तर पर सही क्रियान्वयन नहीं हो पाने के कारण ग्रामवासियों को इसका लाभ नहीं मिल पाता। ग्राम सराईपाली की हालत देखकर इसका अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। यहाँ स्कूलपारा से लेकर पीपल के पेड़ तक लगभग एक किमी की गली में सभी ओर कीचड़ का ही साम्राज्य है। स्थिति यह है कि लोगों को अपने घर से निकलकर चलने में भी काफी दिक्कतें आ रही है। इसी रास्ते से होकर स्कूल के छोटे-छोटे विद्यार्थी पढ़ने के लिए जाते हैं, जिसमें कई बार फिसल कर गिर भी जाते हैं।
इस रास्ते के चलते सभी ग्रामवासी परेशान हंै। विशेष कर स्कूली छात्र छात्राओं को अधिक दिक्कत हो रही है। ग्राम पंचायत के सरपंच प्रहलाद सिदार के द्वारा एक माह पूर्व यहां गली में मुरूम डाला गया था, लेकिन उसमें भी मुरूम कम और मिट्टी ज्यादा थी। इस मुरूम को ठीक ढंग से बिछाया भी नहीं गया था, जिसके कारण पानी गिरते ही यह कीचड़ में तब्दील हो गया। पंचायत के द्वारा काम के नाम पर की गई खानापूर्ति की सजा आज नागरिकों को भुगतनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने बताया कि सरपंच को इस सबंध में जानकारी मिलने पर भी उन्होंने चुप्पी साध ली है, जिसके कारण ग्रामीणों में भी काफी आक्रोश है। 

























