डाक्टर ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की जयंती पर सिरबोड़ा शाला में मनाया गया विशेष कार्यक्रम

दिनांक 15 अक्टूबर 2024 को शासकीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक शाला सिरबोड़ा में भारत के पूर्व राष्ट्रपति और महान वैज्ञानिक डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम जी की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय में ड्राइंग और पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी कला के माध्यम से डॉ. कलाम के आदर्शों और उनके जीवन से प्रेरणा ली।
कार्यक्रम के दौरान प्रधान पाठक धर्मेन्द्रनाथ राणा ने डॉ. कलाम के जीवन पर प्रकाश डालते हुए, उनके विज्ञान में योगदान और भारत के प्रति उनकी अपार श्रद्धा के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डॉ. कलाम ने हमेशा देश की उन्नति और युवाओं के विकास को प्राथमिकता दी और उनके जीवन से हमें राष्ट्रभक्ति और कर्मठता की प्रेरणा मिलती है।
इसके बाद संस्था प्रमुख उच्च प्राथमिक शाला सिरबोड़ा हीरालाल साहू ने भी बच्चों को संबोधित किया और डॉ. कलाम के सरल व्यक्तित्व और उनकी शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि कैसे डॉ. कलाम ने अपनी लगन और कठिन परिश्रम से खुद को मिसाइल मैन के रूप में स्थापित किया और पूरी दुनिया में भारत का नाम रोशन किया।
कार्यक्रम में महेश कुमार साहू ने भी अपने विचार साझा किए और डॉ. कलाम के योगदान को याद करते हुए उन्हें सच्चा राष्ट्रभक्त और प्रेरणास्रोत बताया।
अंत में विद्यालय के सभी शिक्षकगण क्षीरोद्र चौधरी,कमलेश बारिक और विद्यार्थियों ने डॉ. कलाम की स्मृति में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा।





























