बसना:कार खराब होने पर विवाद, बिजली विभाग के कनिष्ठ यंत्री से मारपीट कार के आगे-पीछे के शीशे तोड़े

बसना। नगर के साई बिहार कॉलोनी निवासी छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी (सीएसपीडीसीएल) भंवरपुर में पदस्थ कनिष्ठ यंत्री के साथ मारपीट और कार में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। घटना 16 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे फोकटपारा तालाब के पास की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कनिष्ठ यंत्री अपनी कार क्रमांक CG 06 GU 7992 से साथी हरीश पटेल के साथ जा रहे थे। इसी दौरान फोकटपारा तालाब के पास उनकी कार अचानक खराब होकर बंद हो गई। वे कार चालू करने का प्रयास कर रहे थे, तभी ओमी ढाभरा अपने एक अन्य साथी के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि सड़क पर कार खड़ी करने की बात को लेकर दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
कार खराब होने की जानकारी देने के बावजूद आरोपियों ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और पत्थर मारकर कार के आगे व पीछे के शीशे तोड़ दिए। इसके बाद ओमी ढाभरा ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की और अपने पास रखी किसी धारदार लोहे की वस्तु से कनिष्ठ यंत्री की कमर के पीछे वार कर दिया। इससे उन्हें चोट लगी और खून बहने लगा।
घटना के दौरान हरीश पटेल मौके पर मौजूद थे। पीड़ित ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले में शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।




























