सरायपाली:स्कूल के ताले तोड़कर चोरी, कंप्यूटर सामान से लेकर चावल तक ले गए चोर

सरायपाली। ग्राम लिमगांव स्थित हाईस्कूल एवं मिडिल स्कूल में अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर करीब 17,730 रुपये के शासकीय सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्कूल के प्रभारी प्राचार्य ठंडाराम टिकुलिया ने सरायपाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर की शाम करीब 6 बजे से 15 सितंबर की सुबह 6 बजे के बीच अज्ञात आरोपी ने हाईस्कूल एवं मिडिल स्कूल के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। चोर स्कूल कार्यालय से कंप्यूटर के दो माउस, वीजीए व एचडीएमआई केबल, वेब कैमरा, नल, साउंड बॉक्स, माइक्रोस्कोप एवं स्ट्रीप लैंप सहित अन्य सामान ले गए। वहीं मिडिल स्कूल से करीब 90 किलो चावल और पीतल की घंटी चोरी की गई।
इसके अलावा संकुल भवन का ताला तोड़कर स्टील के बर्तन, बाल्टी, मग्गा, परात, चम्मच, करछुली, झारा, भगोना, पलटा, ट्रे और 10 लीटर का कुकर समेत अन्य सामान भी चोरी कर लिया गया। स्कूल प्रबंधन द्वारा सामानों की जांच एवं शाला समिति से चर्चा के बाद 18 सितंबर को थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305(ई) एवं 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






























