महासमुंद:जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी 41 आवेदकों की समस्याएं, कन्या स्कूलों को बालक शाला में संचालित करने के दिए निर्देश

महासमुंद। कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में जिलेभर से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जनदर्शन में कुल 41 आवेदन प्राप्त हुए।
जनदर्शन के दौरान पिथौरा विकासखंड के ग्राम बुंदेली के विमल महंत ने शासकीय कन्या प्राथमिक शाला एवं कन्या पूर्व माध्यमिक शाला को गांव की शासकीय बालक पूर्व माध्यमिक शाला भवन में संचालित करने की मांग रखी। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों विद्यालयों को बालक शाला में संचालित किए जाने के निर्देश जारी किए।
बसना विकासखंड के ग्राम बड़ेटेमरी की श्रीमती सुबो बाई गोंड ने न्यायालय के आदेश के बावजूद भूमि पर कब्जा नहीं मिलने की शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने बसना तहसीलदार को तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा ग्राम कुसमीसरार के रघुलाल नंद ने ऑनलाइन खसरा रिकॉर्ड में सुधार, ग्राम बांसकूड़ा-2 के ग्रामीणों ने वनाधिकार पट्टा, बुंदेली के राजेन्द्र ढीढी ने शासन से प्राप्त भूमि के अवैध विक्रय की शिकायत तथा खुमान सिंह साहू ने पेंशन संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने सभी मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में अपर कलेक्टर श्री सचिन भूतड़ा सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।






























