महासमुंद:सीएमएचओ कार्यालय ने जारी की एनएचएम भर्ती की अंतिम मेरिट सूची

महासमुंद। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत जिले में विभिन्न संविदा पदों पर भर्ती प्रक्रिया में एक महत्वपूर्ण चरण पूरा हो गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव ने बताया कि दावा-आपत्तियों के निराकरण के बाद पात्र अभ्यर्थियों की मेरिट सूची तथा अपात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी गई है।
गौरतलब है कि इन पदों के लिए 14 मार्च से 24 मार्च 2024 तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे। प्राप्त आवेदनों पर दावा-आपत्ति आमंत्रित कर उनका निराकरण किया गया, जिसके बाद 23 मई 2025 को मान्य एवं अमान्य अभ्यर्थियों की सूची प्रकाशित की गई थी।
अब अंतिम रूप से जारी मेरिट सूची एवं अपात्र अभ्यर्थियों की सूची का अवलोकन अभ्यर्थी जिला महासमुंद की आधिकारिक वेबसाइट https://mahasamund.gov.in/ तथा कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला महासमुंद के सूचना पटल पर कर सकते हैं।



























