पिथौरा:आधुनिक तकनीक से बदली किसान की तकदीर, करेला की खेती से डेढ़ लाख तक की आय

पिथौरा। जिले के विकासखंड पिथौरा के ग्राम कसहीबाहरा के प्रगतिशील किसान श्री ताराचंद ठाकुर ने आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर खेती को लाभकारी व्यवसाय में बदल दिया है। पारंपरिक धान की खेती से सीमित आय मिलने के बाद उन्होंने उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन में करेला की उन्नत खेती शुरू की, जिससे उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।
वर्ष 2025-26 में राष्ट्रीय बागवानी मिशन के अंतर्गत सब्जी क्षेत्र विस्तार (करेला) योजना का लाभ लेते हुए श्री ठाकुर ने लगभग एक हेक्टेयर क्षेत्र में ड्रिप सिंचाई एवं मल्चिंग तकनीक के साथ करेला की खेती की। योजना के तहत उन्हें डीबीटी के माध्यम से ₹24,000 की अनुदान राशि भी प्राप्त हुई।
आधुनिक तकनीकों के उपयोग से सिंचाई जल की बचत हुई, खरपतवार नियंत्रण आसान हुआ और फसल की गुणवत्ता के साथ उत्पादन में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। करेला की खेती से उन्हें लगभग 100 क्विंटल उत्पादन प्राप्त हुआ।
श्री ताराचंद ठाकुर ने बताया कि पहले धान की खेती से सीमित लाभ होता था, जबकि करेला की खेती से उन्हें बाजार में बेहतर मूल्य मिला और लगभग डेढ़ लाख रुपये की आय प्राप्त हुई। इससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।
उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत किसानों को आधुनिक तकनीकों और शासकीय योजनाओं का लाभ देकर खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है। श्री ताराचंद ठाकुर की सफलता क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए प्रेरणास्रोत बन रही है।































