सरायपाली-बोंदा मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक सवार ने तोड़ा दम

सरायपाली। महासमुंद जिले के सरायपाली थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम बोड़ेसरा निवासी नेपाल सिंह गड़तिया के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, नेपाल सिंह गड़तिया अपनी हीरो एचएफ डिलक्स (CG 06 GN 4013) से सरायपाली से सामान खरीदकर गांव लौट रहे थे। शाम करीब 4 बजे ग्राम बोंदा के नवा तालाब के आगे सारंगढ़ मुख्य मार्ग पर सामने से आ रही कार (CG 10 FH 1084) के चालक ने कथित रूप से तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां नेपाल सिंह गंभीर रूप से घायल और बेहोश अवस्था में सड़क किनारे पड़े मिले। दुर्घटना में उनके दाहिने पैर, कमर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई थीं। परिजन उन्हें तत्काल शासकीय अस्पताल सरायपाली लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के प्रत्यक्षदर्शियों में ग्राम बोंदा के ललित डडसेना तथा ग्राम बोड़ेसरा के राजेश पांडे बताए गए हैं। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में जांच शुरू कर दी है।


































