सांकरा :पेट्रोल के पैसे को लेकर विवाद, तीन युवकों ने सेल्समैन से की मारपीट

सांकरा। थाना सांकरा क्षेत्र स्थित रामा एचपी फ्यूल पंप में देर रात पेट्रोल भरवाने आए तीन अज्ञात युवकों द्वारा पेट्रोल पंप कर्मचारी के साथ मारपीट और नकदी छीनने का प्रयास करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम मेमरा निवासी 19 वर्षीय तरुण यादव रामा एचपी फ्यूल पंप में सेल्समैन के पद पर कार्यरत है। पीड़ित ने शिकायत में बताया कि 20 जुलाई 2026 की रात करीब 12:50 बजे तीन अज्ञात युवक मोटरसाइकिल से पेट्रोल भरवाने पहुंचे। पेट्रोल भरवाने के बाद वे भुगतान करने में आनाकानी करने लगे, जिससे विवाद हो गया। बाद में उन्होंने किसी अन्य व्यक्ति के फोन-पे से 150 रुपये का भुगतान किया और वहां से चले गए।
शिकायत के अनुसार, करीब 10 मिनट बाद तीनों युवक दोबारा पेट्रोल पंप पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए तरुण यादव को बाहर खींच ले गए। आरोप है कि उन्होंने पैसे छीनने का प्रयास किया और विरोध करने पर हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जिससे तरुण के सिर और पीठ में चोटें आईं।
पीड़ित की लिखित शिकायत के आधार पर थाना सांकरा पुलिस ने तीन अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी हुई है।
































