पटेवा:युवक पर हमला गाली-गलौज के बाद सिर पर वार जानिए मामला

पटेवा । क्षेत्र में एक युवक के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। ग्राम झलप निवासी शनि चन्द्रवंशी ने पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह 12 जून 2026 को अपने नाना के साथ घरेलू कार्य से पटेवा आया था।
रिपोर्ट के अनुसार, पटेवा से खट्टा मार्ग स्थित शराब दुकान के पास से गुजरते समय वहां कुछ लोग शराब पी रहे थे। इसी दौरान पटेवा निवासी पवन यादव, हेमंत साहू एवं अन्य लोगों ने उन्हें रोककर पटेवा आने को लेकर विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि आरोपियों ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट की।
शिकायत में बताया गया है कि मारपीट के दौरान पवन यादव ने हाथ में पहने चुड़ा से शनि चन्द्रवंशी के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसके सिर में चोट आई और खून निकलने लगा। घटना के दौरान चेतन और सुरेश ने बीच-बचाव किया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 351(3) तथा 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।































