महासमुंद:तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से साइकिल सवार युवक की मौत

महासमुंद। थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झालखमरिया पुल के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान जगदीश ध्रुव निवासी बोरियाझर के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जगदीश ध्रुव 21 जून 2026 की शाम लगभग 4:50 बजे साइकिल से सैलून जाने के लिए निकला था। जब वह एनएच-353 पर ग्राम झालखमरिया पुल के पास पहुंचा, तभी बागबाहरा की ओर से आ रही पिकअप वाहन क्रमांक CG06HE2743 के चालक ने कथित रूप से तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में जगदीश ध्रुव के सिर, पेट एवं बाएं हाथ में गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों तथा 108 एंबुलेंस की मदद से घायल को जिला अस्पताल महासमुंद पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों संतोष साहू एवं हेमंत साहू ने घटना को देखा बताया है।
मृतक के परिजनों ने पिकअप चालक के विरुद्ध लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर दुर्घटना कारित करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।




























