सरायपाली: पुलिस ने महुआ शराब के साथ बुजुर्ग को पकड़ा

सरायपाली। सरायपाली पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक बुजुर्ग व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 3.5 लीटर हाथ भट्टी निर्मित महुआ शराब जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 20 जून 2026 की रात मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि भगवती राइस मिल के पास पतेरापाली क्षेत्र में एक व्यक्ति अवैध रूप से महुआ शराब रखकर बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना पर प्रधान आरक्षक राधाचरण प्रधान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पंच गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर पूछताछ की, जिसने अपना नाम दयाराम खटकर (66 वर्ष) निवासी सुखापाली, थाना सरायपाली बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक प्लास्टिक जरीकेन में 3.5 लीटर हाथ भट्टी निर्मित महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 700 रुपये बताई गई है।
आरोपी शराब के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने शराब जब्त कर आबकारी परीक्षण के लिए नमूना सुरक्षित किया तथा आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर जमानतीय अपराध होने के कारण जमानत पर रिहा कर दिया गया।
सरायपाली पुलिस द्वारा क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसी गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई जारी है।
































