बसना:स्कूल में बच्चों के विवाद के बाद अभिभावक पक्षों में मारपीट, मामला दर्ज

भंवरपुर/बसना। शासकीय मिडिल स्कूल कोलिहादेवरी में बच्चों के बीच हुए विवाद को सुलझाने के लिए बुलाई गई बैठक के दौरान एक पक्ष के व्यक्ति द्वारा छात्र और बीच-बचाव करने वाले ग्रामीण से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम धुमाभांठा निवासी धनुर्जय पटेल ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसका 13 वर्षीय पुत्र खिरौद पटेल शासकीय मिडिल स्कूल कोलिहादेवरी में कक्षा सातवीं का छात्र है। 19 जून को स्कूल में खिरौद और सहपाठी खुशी भोई के बीच विवाद हो गया था, जिसमें दोनों बच्चों ने एक-दूसरे को थप्पड़ मार दिया था।
मामले को शांतिपूर्वक सुलझाने के लिए स्कूल प्रबंधन, सरपंच एवं स्कूल समन्वयक ने दोनों पक्षों को स्कूल बुलाया था। शिकायत के अनुसार दोपहर करीब 3.30 बजे समझाइश के दौरान खुशी भोई के मामा अमित प्रधान निवासी गोहेदादर वहां पहुंचे और कथित रूप से खिरौद पटेल को अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा हाथ-मुक्कों से मारपीट कर दी। मारपीट में छात्र की नाक से खून निकलने लगा।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे प्रेमचंद पटेल के साथ भी अमित प्रधान ने गला पकड़कर मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं। वहीं खुशी भोई की मां पर भी गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
घटना के दौरान स्कूल के शिक्षक, सरपंच, स्कूल समन्वयक एवं अन्य ग्रामीण मौजूद थे, जिन्होंने बीच-बचाव किया। शिकायत के आधार पर चौकी भंवरपुर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 351(3) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।






























