महासमुंद:मातृ वंदना योजना का लाभ हर पात्र महिला तक पहुंचाने पर जोर

महासमुंद। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बागबाहरा स्थित आईसीडीएस परियोजना कार्यालय में एक दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न परियोजना क्षेत्रों से आए बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ), सेक्टर पर्यवेक्षक एवं डाटा एंट्री ऑपरेटरों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में योजना के सफल संचालन, पात्र हितग्राहियों के शत-प्रतिशत पंजीयन, लंबित प्रकरणों के निराकरण तथा मैदानी अमले की क्षमता वृद्धि पर विशेष जोर दिया गया। राज्य स्तर से प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स ने प्रतिभागियों को योजना के प्रावधानों, पात्रता शर्तों, नवीन दिशा-निर्देशों एवं पोर्टल संचालन की विस्तृत जानकारी दी।
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री टिकवेंद्र जटवार ने प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक मार्गदर्शन देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने वाली महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले की कोई भी पात्र महिला योजना के लाभ से वंचित न रहे और सभी पात्र हितग्राहियों का समयबद्ध पंजीयन सुनिश्चित किया जाए।
प्रशिक्षण में हितग्राही पंजीयन प्रक्रिया को सरल बनाने, आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी, आवेदन सत्यापन, ऑनलाइन एंट्री, भुगतान प्रक्रिया तथा लंबित प्रकरणों के निराकरण पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही डाटा एंट्री में सटीकता एवं समयबद्धता बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।
आई.पी.ई. ग्लोबल के सहयोग से आयोजित इस प्रशिक्षण में डिस्ट्रिक्ट मैनेजर अभिनव पाण्डेय, सेक्टर पर्यवेक्षक शीला प्रधान एवं उमा पटेल तथा ऑपरेटर सोनालिका ने प्रतिभागियों को तकनीकी एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान फील्ड स्तर पर आने वाली समस्याओं पर चर्चा कर उनके समाधान के लिए व्यवहारिक एवं परिणामोन्मुख कार्यप्रणाली अपनाने पर जोर दिया गया।





























