महासमुंद:पीछा करने के बाद युवक पर चाकू से हमला, गंभीर हालत में रायपुर रेफर

महासमुंद। शहर के बरोंडा चौक क्षेत्र में सोमवार देर रात युवकों के बीच हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। घायल युवक को गंभीर अवस्था में पहले जिला अस्पताल महासमुंद और बाद में बेहतर उपचार के लिए रायपुर के मेकाहारा अस्पताल रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बरोंडा चौक दुर्गा मंदिर के पीछे रहने वाला एक युवक अपने साथी आकाश तिवारी के साथ बिरकोनी-बरबसपुर स्थित क्रेशर प्लांट से मोटरसाइकिल द्वारा रात करीब 2 बजे महासमुंद लौट रहा था। बरोंडा चौक पहुंचने के बाद दोनों वापस इमलीभांठा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गणेश मंदिर के सामने स्मिथ उर्फ पम्पम, पूर्वांश, विक्की तथा उनके एक अन्य साथी दो मोटरसाइकिलों में खड़े दिखाई दिए। आरोप है कि चारों युवक उनका पीछा करने लगे।
पीछा किए जाने के दौरान साहू चाय दुकान के पास मुख्य मार्ग पर उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे दोनों युवक गिर पड़े। उसी समय वहां से गुजर रहे टोमेन्द्र चन्द्राकर, पप्पू यादव और अभित्य सिंह रुककर उनकी मदद करने पहुंचे। आरोप है कि पीछा कर रहे चारों युवक भी वहां पहुंच गए और गाली-गलौज करने लगे।
विरोध करने पर पूर्वांश ने अपनी कमर से चाकू निकालकर स्मिथ उर्फ पम्पम को दे दिया। इसके बाद स्मिथ उर्फ पम्पम ने जान से मारने की धमकी देते हुए टोमेन्द्र चन्द्राकर पर चाकू से हमला कर दिया। बताया गया कि वार से बचने के प्रयास में टोमेन्द्र पीछे मुड़ा, जिससे चाकू उसकी पीठ में जा लगा और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल टोमेन्द्र चन्द्राकर को तत्काल जिला अस्पताल महासमुंद ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर स्थित मेकाहारा अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





























