महासमुंद:उधार के 33 हजार रुपये मांगने पर बहन-जीजा समेत चार पर मारपीट का आरोप

महासमुंद। शहर के नयापारा वार्ड क्रमांक 06 की एक महिला ने अपनी सगी बहन, जीजा तथा उनके परिवार के अन्य सदस्यों पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले की शिकायत महासमुंद थाने में दर्ज कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला ने बताया कि लगभग एक वर्ष पूर्व उसकी बड़ी बहन मानकी बाई मानिकपुरी और जीजा मणी दास मानिकपुरी घरेलू जरूरत बताकर उससे 30 हजार रुपये उधार लिए थे। इसके बाद एक सप्ताह पश्चात अतिरिक्त 3 हजार रुपये भी लिए गए। कुल 33 हजार रुपये उधार देने के बाद जब महिला ने कुछ माह बाद अपनी राशि वापस मांगी तो आरोपियों द्वारा जल्द लौटाने का आश्वासन दिया जाता रहा, लेकिन रकम वापस नहीं की गई।
पीड़िता के अनुसार, 6 जून 2026 को वह ग्राम लभरा कला स्थित अपनी बहन के घर पहुंची और उधार दिए गए रुपये वापस मांगे। इसी बात को लेकर विवाद हो गया। महिला का आरोप है कि जीजा मणी दास मानिकपुरी, बहन मानकी बाई मानिकपुरी, वेद बाई मानिकपुरी और गोलू मानिकपुरी ने एक राय होकर उसके साथ गाली-गलौज की तथा हाथ-मुक्का और लात से मारपीट की। घटना में उसके हाथ, कमर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोट व दर्द होने की शिकायत है।
घटना के बाद महिला ने अपने पुत्र और पुत्री को फोन पर जानकारी दी, जिसके बाद परिजन उसे वापस महासमुंद लेकर आए। परिवार से सलाह-मशविरा करने के बाद पीड़िता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराकर आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




























