महासुमंद

महासमुंद:समय सीमा बैठक में कलेक्टर सख्त, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निपटारे पर जोर

महासमुंद। कलेक्टर  विनय कुमार लंगेह ने सुबह 10 बजे से समय सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। शासन के निर्देशानुसार बैठक वर्चुअल मोड में हुआ। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर श्री श्री रवि साहू उपस्थित थे तथा सभी एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायत सीईओ, सीएमओ सहित जिला स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े रहे।कलेक्टर ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार 01 जून से ई-फाइल प्रणाली अनिवार्य रूप से लागू होगी तथा मैनुअल फाइल संचालन प्रतिबंधित रहेगा। सभी विभागों को इसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने कहा गया।  बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन योजना 1076 के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि नामित जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारियों का प्रशिक्षण बुधवार को सुबह 10ः30 बजे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित किया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्री लंगेह ने सुशासन तिहार के तहत आयोजित शिविरों की समीक्षा करते हुए कहा कि जिले में अब तक 37 शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। इन शिविरों में कुल 30 हजार 493 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 16 हजार 69 आवेदनों का निराकरण किया जाना है तथा 14 हजार 396 आवेदन लंबित हैं। उन्होंने सभी विभागों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करते हुए इस सप्ताह के भीतर लंबित प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए।
बैठक में विद्युत अवरोध की स्थिति में आम नागरिकों को समय पर जानकारी उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि बिजली बंद होने की स्थिति में अवरोध के कारण एवं पुनः विद्युत आपूर्ति प्रारंभ होने का संभावित समय लोगों को अवश्य बताया जाए, ताकि आम जनता अनावश्यक परेशानी से बच सके। साथ ही अधिकारियों को फोन कॉल प्राप्त होने पर तत्काल रिस्पॉन्स देने के निर्देश भी दिए गए।बैठक में “खेती बचाओ अभियान” के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कृषि विभाग के मैदानी अमले को गांवों में जाकर किसानों को जागरूक करने कहा गया। यह अभियान 01 जून से 30 जून तक संचालित होगा। उन्होंने किसानों को शासन द्वारा निर्धारित यूरिया एवं डीएपी खाद की मात्रा वितरण करने तथा खाद भंडारण का नियमित भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि नैनो यूरिया एवं प्राकृतिक खाद को भी प्रोत्साहित करने किसानों के लिए जागरूकता अभियान चलाएं। जो किसान यूरिया लेने सहकारी समितियों में पहुंच रहें हैं, उन्हें यूरिया प्रदान करें।स्वास्थ्य विभाग को आगामी बरसात को ध्यान में रखते हुए मौसमी बीमारियों पर सतर्क रहने तथा आवश्यक अलर्ट जारी करने कहा गया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं नगरीय निकायों को स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना अंतर्गत सभी नगरीय निकायों में लोक कल्याण मेला आयोजित कर अधिक से अधिक स्ट्रीट वेंडर्स को लाभान्वित करने कहा गया। पीएम सूर्य घर बिजली योजना के तहत अब महिला समूहों को भी जोड़ा जाएगा। इस संबंध में सभी ग्राम पंचायतों में व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में अब तक 3626 सोलर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं।बैठक में मुख्यमंत्री घोषणाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा गया। कलेक्टर ने राजस्व विभाग अंतर्गत विवादित एवं अविवादित प्रकरणों तथा स्वामित्व योजना की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही बैठक में जन शिकायत, कलेक्टर जनदर्शन, पीजी पोर्टल एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत प्रकरणों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!