तेदुकोना :टंगिया से हमला, पिता-पुत्र को धमकी देने के बाद तीन लोगों से मारपीट

तेदुकोना। ग्राम परसदा निवासी हेमंत सोनी ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 3 जून 2026 की रात करीब 9:50 बजे वह अपने बेटे टिकेश सोनी को बुलाने के लिए केशव साहू के घर के सामने गया था। आरोप है कि वहां केशव साहू उसके बेटे के सामने हेमंत सोनी और राजकिशोर पंडा को मारने की धमकी दे रहा था।
हेमंत सोनी के अनुसार जब उसने इसका कारण पूछा तो केशव साहू ने गाली-गलौज करते हुए टंगिया से हमला कर दिया, जिससे उसके बाएं कंधे और बाएं हाथ के पंजे में चोट आई। बीच-बचाव करने पहुंचे राजकिशोर पंडा को भी टंगिया के बेंठ से मारने तथा हेमंत की पत्नी पार्वती सोनी के साथ थप्पड़ मारकर मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। घटना में राजकिशोर पंडा के चेहरे पर तथा पार्वती सोनी को भी चोटें आईं।
घटना को टिकेश सोनी और नरेंद्र पंडा ने देखा तथा बीच-बचाव किया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 115(2), 296 और 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
































