महासमुंद: यहां….पेट्रोल पंप पर लूट पुलिस तफ्तीश में जुटी

महासमुंद ।जिले के पिथौरा क्षेत्र में लूट और चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. रविवार और सोमवार की दरमियानी रात टेका गांव स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-43 किनारे एचपी टेका फ्यूल्स पेट्रोल पंप में तीन युवकों ने चाकू की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम दिया. पल्सर मोटरसाइकिल से पहुंचे युवकों ने पेट्रोल पंप के ऑफिस में घुसकर सेल्समैन हेमंत साहू और रोहन साहू को डराकर 36 हजार 500 रुपये नगद और एक मोबाइल फोन लूट लिया. पूरी घटना पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है.जानकारी के मुताबिक, इन्हीं युवकों ने उसी रात सांकरा थाना क्षेत्र के ग्राम भगतदेवरी स्थित एक पेट्रोल पंप पर भी वारदात की. यहां आरोपियों ने पहले 500 रुपये का पेट्रोल डलवाया और फिर कर्मचारी को चाकू दिखाकर 150 रुपये नगद लेकर भाग निकले. इसके अलावा बसना क्षेत्र में एक राहगीर को भी निशाना बनाते हुए 6 हजार रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया. तीनों घटनाओं में आरोपियों ने चाकू का भय दिखाकर लूट की घटना को अंजाम दिया.
पिथौरा थाना प्रभारी सिद्धार्थ मिश्रा ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है. लूट की घटना में शामिल युवकों की पहचान कर ली गई है. जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा. उन्होंने बताया कि इन्हीं आरोपियों के खिलाफ सांकरा और बसना थानों में भी लूटपाट के मामले दर्ज किए गए हैं. प्रारंभिक जानकारी में आरोपी सरायपाली क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं.
उल्लेखनीय है कि करीब एक माह पहले पिथौरा थाना क्षेत्र के ग्राम लाहरौद में सत्यवती दुबे, चन्द्रशेखर नायक टिकरापारा निवासी टिकेंद्र ध्रुव और लाखागढ़ निवासी हेमलाल प्रधान के घरों में लाखों रुपये नकदी और सोने-चांदी के जेवरात की चोरी हुई थी. वहीं ग्राम पंचायत लाखागढ़ के पंचायत भवन से भी पंचायत के रिकॉर्ड और सरकारी दस्तावेज चोरी होने की घटना सामने आई थी. इन मामलों में अब तक पुलिस को कोई ठोस सफलता नहीं मिल पाई है.




















