तुमगांव:तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकराई, 53 वर्षीय व्यक्ति की मौत

तुमगांव। ग्राम कांपा नाला के पास एनएच-53 मार्ग पर तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक चालक 53 वर्षीय ताराचंद पिता सोनवा राम, निवासी गांधी चौक वार्ड क्रमांक 10 पाटन, जिला दुर्ग की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार ताराचंद 23 अगस्त को अपने मितान से मिलने मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 CM 3268 से पाटन से सरायपाली के लिए निकला था। शाम करीब 4 बजे ग्राम कांपा नाला के पास पहुंचने पर वह मोटरसाइकिल पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन डिवाइडर से जा टकराया। दुर्घटना में उसके सिर में गंभीर चोट आई।
सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम घायल ताराचंद को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुमगांव लेकर पहुंची, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर तुमगांव पुलिस ने मर्ग क्रमांक 69/26 कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान गवाहों के बयान एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने से दुर्घटना होना पाया गया। पुलिस ने मामले में धारा 106(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।





























