महासमुंद

कलेक्टर की अध्यक्षता में समय-सीमा बैठक सम्पन्न, अधिकारियों को निर्देश जारी

होली पर्व शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील

मजदूरों की प्रताड़ना बर्दाश्त नहीं की जाएगी

नेटवर्क विहीन क्षेत्रों के लिए आवेदन एक सप्ताह के भीतर भेजें – कलेक्टर लंगेह,

काकाखबरीलाल@डेस्करिपोर्ट। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आज सुबह 10:00 बजे से कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक आयोजित कर जिले में संचालित शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की। इस अवसर पर अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि कुमार साहू, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), विभागीय जिलाधिकारी, जनपद सीईओ, नगरीय निकायों के सीएमओ तथा वीसी के माध्यम से ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर लंगेह ने आम नागरिकों से होली पर्व को सौहार्द्रपूर्ण एवं शांतिमय तरीके से मनाने की अपील की है। कलेक्टर ने पुलिस विभाग को होली पर्व पर सुरक्षा की दृष्टि से चौक चौराहों में पुलिसकर्मियों को तैनात रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विकासखण्डों में शांति समिति की बैठक आयोजित कर नागरिकों से शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली पर्व मनाने की अपील करें। साथ ही कहा कि उपद्रवी तत्वों पर नजर रखते हुए कार्रवाई करें। कलेक्टर ने खाद्य सुरक्षा विभाग को त्यौहार के मद्देनजर मिठाई दुकानों, होटलों में खाद्य पदार्थों की नियमित गुणवत्ता जांच के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर लंगेह ने निर्देश दिए है कि सभी अधिकारी-कर्मचारी मंगलवार और बुधवार को अनिवार्य रूप से प्रातः 10 बजे समय पर कार्यालय पहुंचे तथा आधार बेस्ड उपस्थिति प्रणाली को अनिवार्य रूप से पालन करें। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय पर उपस्थिति में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ई-ऑफिस प्रणाली में नियमित पत्राचार करते हुए इसे व्यवहार में प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जिन क्षेत्र में मोबाईल नेटवर्क की समस्या है, वहां मोबाईल टावर स्थापित करने के लिए सभी जनपद सीईओ एक सप्ताह के भीतर आवेदन दें। कलेक्टर ने श्रम विभाग को मजदूरों के पलायन पर निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी मजदूरों का पंजीयन किया जाए और ठेकेदार नियमों व सुविधाओं का पालन सुनिश्चित करें। नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित ठेकेदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मजदूरों पर किसी भी तरह की प्रताड़ना बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में कलेक्टर ने धान उठाव की समीक्षा करते हुए प्रतिदिन लगभग 20 हजार क्विंटल धान उठाव के निर्देश दिए। वर्तमान में 16 क्विंटल धान का उठाव हो रहा है। अभी तक 7.30 लाख मीट्रिक टन धान का उठाव किया गया है।
कलेक्टर ने पीएम श्री स्कूलों का 21 बिंदुओं के आधार पर निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया। उन्होंने इन विद्यालयों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित करने, वोकेशनल ट्रेनिंग प्रारंभ करने, लैब एवं लाइब्रेरी को सुव्यवस्थित करने तथा शिक्षकों को नियमित प्रशिक्षण सुनिश्चित करने एवं बाला कॉन्सेप्ट पर कार्य करने के निर्देश दिए गए। आगामी 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के आयोजन के लिए विशेष निर्देश दिए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग ने बताया कि इस वर्ष अन्य विभागों के समन्वय से योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए स्टॉल लगाए जाएंगे तथा महिला मड़ई का आयोजन किया जाएगा। 
कलेक्टर ने सभी जनपद सीईओ को निर्देशित करते हुए कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण की शुरुआत करें तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाए। इस वर्ष जल संचयन भागीदारी 2.0 प्रारम्भ हो गया है। योजनांतर्गत शासकीय कार्यालयों, स्कूलों, आंगनवाड़ी केन्द्रों में सोख्ता गड्ढा सहित जल संचयन के लिए विशेष पहल करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मनरेगा अंतर्गत जल संचयन के कार्य को प्राथमिकता दी जाए। कलेक्टर ने खनिज एवं रेत के अवैध परिवहन एवं भंडारण पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पंचायत स्तर पर निगरानी समिति गठित करने भी कहा है, ताकि स्थानीय स्तर पर खनिजों के परिवहन पर रोक लगाया जा सके। इसके अलावा कलेक्टर ने अपार कार्ड, आधार कार्ड, वय वंदन योजना तथा आयुष्मान कार्ड की प्रगति की समीक्षा करते हुए लक्ष्यों की प्राप्ति में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही उन्होंने पीएम जनमन, मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जन चौपाल, समय-सीमा पत्रक और राजस्व प्रकरणों, लोक सेवा गारंटी की समीक्षा करते हुए गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

AD#1

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!