लॉकर नहीं टूटा तो पूरा लॉकर ही चोर उठाकर ले भागे

(रायपुर काकाखबरीलाल). राजधानी में चोरों ने गजब ही कर डाला। लॉकर नहीं टूटा तो पूरा लॉकर ही चोर उठाकर ले भागे। बताया जा रहा है कि तिजौरी पैसे से भरा हुआ था और उसमें 27 लाख रुपये थे। घटना राजधानी के डुमरतराई स्थित शराब दुकान की है, जहां ये चोरी शराब दुकान में हुई है। हद तो तब हो गयी जब चोर सीसीटीवी भी लेकर भी भाग गये। शराब दुकान के सुपरवाईजर जयप्रकाश महंत ने चोरी की शिकायत पुलिस में लिखायी है। इस मामले में जयप्रकाश ने पुलिस को बताया कि रोज की तरह 2 फरवरी को भी शराब बिकी से प्राप्त नगदी को दुकान के ही कैश लाॅकर में रख कर वो अपने घर चला गया था। दुकान के बाहर सुरक्षा के लिये दो गार्ड भी तैनात किये गये थे। जब वो सुबह दुकान पहुंचा तो पीछे का दरवाजा टूटा था और अंदर रखा कैश से भरा लाॅकर गायब है। जिसके बाद इसकी जानकारी उसने अबकारी विभाग के हवलदार जाफर को दी। सुपरवाईजर के मुताबिक दुकान में तीन दिनों की शराब ब्रिकी की राशि लाॅकर में रखी गयी थी। तीन दिन से बैंक बंद होने के कारण नगदी को जमा नहीं कराया गया था। चोरों ने शराब दुकान में लगे सीसीटीवी और हार्ड डिस्क को भी गायब कर दिया। चोरी हुई रकम लगभग 27 लाख 70 हजार के आसपास थी।


























