प्रदेश में आज 26 दिसंबर को मनाया जाएगा ‘सुशासन दिवस

काकाखबरीलाल प्रदेश में आज 26 दिसंबर को सुशासन दिवस मनाया जाएगा। राज्य सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा सभी संभागीय कमिश्नरों, जिला कलेक्टरों और जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को इस संबंध में परिपत्र जारी किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी परिपत्र में कहा गया है कि पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटलबिहारी वाजपेयी की जन्म दिवस 25 दिसंबर को ‘सुशासन दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। इस वर्ष 25 दिसंबर को शासकीय अवकाश होने के कारण 26 दिसंबर को सुशासन दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। सुशासन दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के संबंध में परिपत्र में दिए गए सुझावों के अनुसार- सुशासन के संबंध में उत्कृष्ट कार्यों की प्रदर्शनी, मेले का आयोजन किया जा सकता है। स्कूल-कॉलेजों में निबंध प्रतियोगिता और सुशासन पर संगोष्ठी का आयोजन किया जाए। जिला और तहसील स्तर पर सुशासन रैलियों का आयोजन किया जा सकता है। इसके साथ ही साथ स्थानीय कलाकारों द्वारा लोकगीतों के माध्यम से सुशासन के संबंध में प्रचार-प्रसार किया जा सकता है। परिपत्र में यह भी सुझाव दिया गया है कि स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप ‘सु-शासन’ संबंधित अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जा सकते हैं। परिपत्र में यह भी कहा गया है कि इन कार्यक्रमों में आम जनता और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।




























