संकुल केंद्र तोरेसिंहा में नवोदय एवं प्रयास कोचिंग का शुभारंभ

सरायपाली विकासखंड मुख्यालय के संकुल केन्द्र तोरेसिंहा के शिक्षकों ने अनोखी पहल करते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रकाश चंद्र मांझी, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी डी.एन. दीवान एवं विकासखंड स्त्रोत समन्वयक सतीश स्वरूप पटेल के मार्गदर्शन में विकासखंड के अंतर्गत संकुल स्तरीय नवोदय विद्यालय, प्रयास आवासीय विद्यालय एवं राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा का कोचिंग सेन्टर का शुभारंभ किया गया। नवोदय विद्यालय तथा प्रयास आवासीय विद्यालय में प्रवेश की तैयारी कर रहे बच्चों के लिए संकुल केन्द्र के शासकीय प्राथमिक शाला में नवोदय विद्यालय एवं शासकीय कन्या उच्च प्राथमिक शाला में प्रयास आवासीय विद्यालय एवं राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा का कोचिंग दिया जाना है।इस कोचिंग सेंटर में कक्षा पांचवी के नवोदय विद्यालय में प्रतिस्पर्धा करने वाले विद्यार्थी एवं कक्षा आठवीं के प्रयास आवासीय विद्यालय व राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा में स्पर्धा करने वाले विद्यार्थी स्कूल समय के अतिरिक्त 4:00 बजे से 5:00 बजे तक सोमवार से शुक्रवार प्रतिदिन कोचिंग सेंटर में विषय आधार पर संकुल के योग्य शिक्षकों के मार्गदर्शन में अध्ययन करेंगे। इस शुभारंभ अवसर पर संकुल केंद्र के समन्वयक चंद्रहास पात्र ने कोचिंग सेंटर की रूपरेखा से उपस्थित सभी अतिथियों एवं पालकों को अवगत कराया। शिक्षाविद नवीन कुमार साहू एवं ग्राम पंचायत तोरेसिंहा के सरपंच विनय कुमार पटेल ने कोचिंग सेंटर की सराहना की।आभार प्रदर्शन बालक उच्च प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक रमाकांत पात्र एवं मंच संचालन बालमुकुंद साहू प्रधान पाठक प्राथमिक शाला के द्वारा किया गया। सभी विद्यार्थियों को ओमप्रकाश छत्रपति उच्च वर्ग शिक्षक कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय के द्वारा अभ्यास पुस्तिका एवं कलम देकर कोचिंग सेंटर में स्वागत किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्राथमिक शाला गोहेरापाली, प्राथमिक शाला तोरेसिंहा, उच्च प्राथमिक शाला एवं कन्या उच्च प्राथमिक शाला के समस्त शिक्षक शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष प्राथमिक गोहेरापाली भगत राम सिदार,प्राथमिक शाला तोरेसिंहा संगीता प्रधान, उच्च प्राथमिक शाला तोरेसिंहा विनोदिनी भोई,उच्च प्राथमिक शाला नीलांचल पांडे एवं पालक गण उपस्थित थे।



























